गोपाष्टमी मेले के आयोजन से सम्बंधित पोस्टर का विमोचन Gathjod News



जयपुर| गोपाष्टमी के पावन पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री पिंजरापोल गौशाला सांगानेर में गौशाला प्रबंध द्वारा गोपाष्टमी मेले का आयोजन किया जा रहा हैं| साथ ही जयपुर के अराध्य देव श्री गोविन्द देव जी प्रांगण में सुबह 11:15 बजे महंत श्री अंजन कुमार जी गोस्वामी एवं श्री मानस गोस्वामी द्वारा गौ माता की विशेष पूजा का आयोजन होगा|
मेला संयोजक राजू मंगोडीवाला ने इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि मेले में सम्पूर्ण दिवस गौ भक्त गौ पूजन कर विशेष रूप से सजाई गई गोवर्धन पर्वत की झांकी एवं गौ माताओं की परिक्रमा कर आनंद प्राप्त कर सकेंगे| मेले में विभिन्न स्टाल्स के माध्यम से सत - साहित्य, खान पान की वस्तुएं, आर्गेनिक उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे, साथ ही बच्चो के लिए मैजिक स्टाल्स, झूले एवं गेम्स आदि की व्यवस्था भी होगी| सांयकाल विराट भजन संध्या का आयोजन एवं गौ सेवा, गौ संवर्धन जैसे मसलों पर सार्थक चर्चा एवं विशिष्टजनों का सम्मान किया जाएगा|
श्री पिंजरापोल गौशाला के अध्यक्ष श्री राधेश्याम जी फाटक ने गौशाला के बारें में जानकारी देते हुए गठजोड़  को बताया कि विगत 110 वर्षों से यह संस्थान गौ सेवा में रत है| वर्तमान में जयपुर और दौसा में मिलाकर करीब 2600 गौवंश की सेवा जन सहयोग से चल रही है| प्रतिदिन करीब 1000 लीटर शुद्ध दुग्ध का परिसर में वितरण कर मानव सेवा का अनूठा कार्य किया जा रहा है|
इस हेतु बुलाई गई प्रेस वार्ता के अवसर पर गौशाला प्रबंध द्वारा आयोजन से सम्बंधित पोस्टर का विमोचन भी किया गया|