उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यटन ,कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की ली समीक्षा बैठक, पर्यटन विकास कार्यों को गति प्रदान करने के दिए निर्देश

जयपुर। उपमुख्यमंत्री तथा पर्यटन , कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में तथा शासन सचिव पर्यटन कला एवं संस्कृति शुचि त्यागी तथा पर्यटन आयुक्त रुक्मिणी रियाड़ की उपस्थिति में गुरुवार को शासन सचिवालय में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

दिया कुमारी ने राज्य में पर्यटन विकास के लिए ढांचागत सुविधाओं का विकास शीघ्रता से किए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए सबसे पहली प्राथमिकता है कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं सहज सुलभ हो। उन्होंने शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण और जीर्णोद्धार कार्य को गति प्रदान करने के साथ ही निर्देश दिए कि इस क्षेत्र में पर्यटन विकास की मूलभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने इसके साथ ही बावड़ियों संरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर राज्य में चिन्हित बावड़ियों के जीर्णोद्धार कार्यों को विशेषज्ञ कंसलटेंट्स के पर्यवेक्षण में उनकी मूल वास्तुशैली के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए ।
उपमुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में MICE सेंटर सम्बन्ध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने MICE सेंटर, विद्याधर नगर के लिए जेडीए द्वारा पर्यटन विभाग के नाम पट्टा जारी के पश्चात इस हेतु जेडीए के सहयोग से आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 
दिया कुमारी ने पुष्कर विकास परियोजना की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने इस सम्बन्ध में अभी तक की प्रगति से अवगत कराया।
उपमुख्यमंत्री ने पर्यटन ऐप की समीक्षा करते हुए इसे शीघ्रता से विकसित किये जाने के निर्देश दिए।
दिया कुमारी ने आरटीडीसी की परिसम्पत्तियों की स्थिति पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि विभागीय परामर्श दाता फर्म द्वारा एक स्टडी रिपोर्ट का प्रारूप उपलब्ध करवाया गया है। इसी के साथ अवगत कराया गया कि जयपुर के चारदीवारी शहर में पर्यटन केंद्र पर टीएफसी हेतु नवीन निविदा की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। 

उपमुख्यमंत्री ने आमेर लाइट एंड साउंड शो हेतु आवश्यक प्रक्रिया को गति प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमेर-नाहरगढ़ एवं आसपास का क्षेत्र के विकास प्रोजेक्ट को भी गति प्रदान करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार जल महल का विकास कार्य को भी गति प्रदान करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार आमेर मास्टर प्लान की डीपीआर पर चर्चा कर उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए। उक्त परियोजना की लागत 50 करोड़ रुपये है, जिसमें से 11 करोड़ रुपये के कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर) ADMA द्वारा तैयार की जाएगी। 

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यो की समीक्षा की और शेखावाटी क्षेत्र में ऐतिहासिक हवेलियों का जीर्णोद्धार को प्राथमिकता दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐतिहासिक हवेलियों स्थल पर हेरिटेज वॉक, हेरिटेज स्ट्रीट फर्नीचर और स्वच्छता/सफाई संबंधी सुविधाओं को शीघ्रता से किए जाने के निर्देश दिए। पुरातत्व  विभाग की ओर से इस हेतु की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। 

दिया कुमारी ने जवाहरकला केन्द्र, रविन्द्रमंच और भारतीय लोक कला मंडल में विकास कार्य के साथ ही बजट घोषणा अनुसार शिल्पग्राम में विकास कार्य हेतु आवश्यक प्रक्रिया को गति प्रदान करने के निर्देश दिए।