खेल मंत्री श्री विजय गोयल ने पाकिस्तान पर भारी अंतर से जीत हासिल वाली भारतीय हॉकी टीम और इंडोनेशिया ओपन जीतने वाले खिलाड़ी श्रीकान्त किंदाबी को बधाई दी



युवा मामलों और खेल के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री विजय गोयल ने आज लंदन में जारी विश्व हॉकी लीग के सेमीफाइनल में पाकिस्तान पर शानदार जीत हासिल करने वाली भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी है। भारत ने अपने विजय क्रम को जारी रखते हुए पाकिस्तान को 7-1 के भारी अंतर से हरा दिया। श्री विजय गोयल ने गोल करने वाले हरमनप्रीत सिंह, तलविंदर सिंह, आकाशदीप सिंह और प्रदीप मोरे के शानदार प्रदर्शन के लिए उनकी सराहना की। इससे पहले भारत ने स्कॉटलैंड और कनाडा को पराजित किया था।
श्री विजय गोयल ने कहा, “विश्व हॉकी लीग में भागीदारी के लिए भारतीय टीम के तैयारी शिविर भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के दक्षिण केन्द्र, बेंगलूरू में आयोजित हुए थे और इसका पूरा खर्च केन्द्रीय खेल मंत्रालय ने वहन किया था। मंत्रालय ने 18 खिलाड़ियों और 7 सहायक स्टॉफ सदस्यों के लिए 1.1 करोड़ रूपये का अनुमोदन भी किया।” वर्ष 2017-18 के दौरान भारतीय पुरूष हॉकी टीम के विदेशी दौरों के लिए अब तक लगभग 3.20 करोड़ रूपये खर्च किये गए हैं।
श्री विजय गोयल ने इंडो‍नेशिया ऑपन सुपर सीरीज जीतने वाले बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीकांत किदांबी को भी बधाई दी है। श्रीकांत किदांबी अब बैडमिंटन में सुपर सी‍रीज प्रीमियर, सुपर सीरीज और ग्रांड प्रिक्‍स गोल्‍ड खिताब जीतने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। श्री विजय गोयल ने यह भी कहा कि वर्ष 2017-18 के दौरान भारतीय बैडमिंटन टीम के विदेशी दौरों पर अब तक लगभग 3.60 करोड़ रूपये खर्च किये हैं। उन्‍होंने कहा कि हम प्रत्‍येक खेल के विकास के लिए तत्‍पर हैं और हमारा खेल मंत्रालय एसएआई के साथ मिलकर सभी खिलाड़ियों और सहायक कर्मियों को पूर्ण समर्थन और सहयोग देगा। श्री गोयल ने यह भी दोहराया कि खिलाड़ियों को सर्वोतम सुविधायें और सहयोग देने के लिए मंत्रालय हमेशा तत्‍पर है।

***

वि.कासोटिया/डीवी/डीए-1773