सिविल लाइंस भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा के समर्थन में शास्त्रीनगर में मातृ शक्ति स्वाभिमान सभा का आयोजन

जयपुर। सिविल लाइंस विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा के समर्थन में गुरूवार को शास्त्री नगर में कांवटिया सर्किल पर विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। मातृ शक्ति स्वाभिमान सभा के नाम से आयोजित जनसभा के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं संस्कृति मंत्री अर्जुन राम मेघवाल थे।

मेघवाल ने कहा कि आजादी के बाद राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार कांग्रेस के इस शासनकाल में हुए हैं, उतने कभी नहीं हुए। वहीं, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई संसद भवन तैयार कर नारी शक्ति को 33 प्रतिशत का आरक्षण देने के लिए सर्वसम्मति से नारी शक्ति वंदन बिल पास कराकर महिला शक्ति के सम्मान के लिए एक एतिहासिक कार्य किया है। इसलिए प्रधानमंत्री द्वारा सिविल लाइंस विधानसभा से भेजे गए भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाएं। जनता द्वारा गोपाल शर्मा को जिताने की शर्त पर उन्होंने मातृशक्ति स्वाभिमान सभा मे स्वरचित गीत भी सुनाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा 350 बिलियन डॉलर की इकॉनमी तैयार करेगी। इसका लाभ सभी वर्ग के व्यापारियों को मिलेगा। 

भारत माता के स्वाभिमान से जुड़ा है चुनाव- गोपाल शर्मा:

इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा ने कहा कि यह चुनाव दो व्यक्तियों और दो पार्टियों के बीच नहीं वरन् भारत माता के स्वाभिमान का है। जब भी भारत माता पराजित होती है तो वहां मां भारती के जयकार लगाने वाले लोग कम हो जाते और अलगाववाद पनपते लगता है। यह चुनाव अहंकार बनाम विनम्रता का है। तुष्टीकरण बनाम राष्ट्रवाद का है। यह चुनाव भारत को तोडऩे वालों के खिलाफ है। अब निर्णय जनता को करना है। गोपाल शर्मा ने कहा कि आपसी झगड़े में मुआवजा नहीं दिया जाता। लेकिन कांग्रेस सरकार  ने आपसी झगड़े में मरे समुदाय विशेष के व्यक्ति को पचास लाख रूपए दे दिए और अखबार का भुगतान लेने गए मनु वैष्णव की हत्या करने वालों को कुछ नहीं दिया।

लेकिन अब अन्याय सहन नहीं करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 22 नवंबर को जयपुर आने पर धूमधाम से स्वागत करने और 2024 में पुन: प्रधानमंत्री पद आरुढ़ करने का आह्वान किया। गोपाल शर्मा ने सभा स्थल के समीप से नारेबाजी करते गुजरते अन्य दलों के प्रत्याशियों और समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

इससे पूर्व हवामहल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बालमुकुंदाचार्य, जयपुर नगर निगम ग्रेटर की महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष मधु शर्मा, मेजर जनरल अनुज माथुर ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने गोपाल शर्मा को विजयी बनाने और राजस्थान में भाजपा की सरकार बनाने  पर जोर दिया।

रामनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय राजपुरोहित की अगुवाई में स्थानीय व्यापारियों ने 51 किलो की माला से अर्जुन राम मेघवाल और गोपाल शर्मा का स्वागत किया। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया। भाजपा जयपुर शहर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनुराधा माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत किया। अनिता गुप्ता की अगुवाई में अग्रवाल समाज की महिलाओं ने अतिथियों का स्वागत किया।