दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा जयपुर शहर का वैचारिक संकल्प कार्यक्रम

जयपुर। प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं अंत्योदय के सूत्रधार श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा प्रातः 5:30 बजे श्री राधा गोविंद देव जी मंदिर परिसर में संगोष्ठी एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, संकल्प और वैचारिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बना, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प दोहराया।

प्रदेश महामंत्री श्री मिथिलेश गौतम जी ,भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष श्री अमित गोयल जी एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अंत्योदय दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
प्रदेश से मुख्य वक्ता के रूप में पधारे प्रदेश महामंत्री श्री मिथिलेश गौतम ने अपने उद्बोधन  में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का एकात्म मानववाद केवल एक विचार नहीं, बल्कि राष्ट्र के समग्र विकास की जीवनदृष्टि है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही सच्चा राष्ट्र धर्म है और यही दीनदयाल जी का संदेश था। साथ ही उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियाँ दीनदयाल जी के अंत्योदय दर्शन को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही हैं।

जयपुर शहर जिला अध्यक्ष श्री अमित गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा, समर्पण और संगठन शक्ति ही भाजपा की कार्यसंस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, सुशासन और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की नीति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जो दीनदयाल जी के विचारों की सच्ची अभिव्यक्ति है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके अंत्योदय दर्शन को जनसेवा के माध्यम से साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री श्री नवरतन नराणिया, श्रीमती रेखा राठौड़, श्री राजेश ताम्बी, उपाध्यक्ष अजय यादव जी, सुरेन्द्र पूर्वंशी जी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में राष्ट्रभाव, अनुशासन और वैचारिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।