USPA Princess Diya Kumari Foundation Ladies Polo Cup 2026: टीम PDKF USPA ग्रीन ने 5-3 से जीता खिताब

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में चल रहे पोलो सीजन 2026 के तहत राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड पर खेले गए USPA प्रिन्सेस दिया कुमारी फाउंडेशन लेडिज पोलो कप 2026 में टीम पीडीकेएफ यूएसपीए ग्रीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम पीडीकेएफ यूएसपीए पिंक को 5-3 के स्कोर से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। 
टीम पीडीकेएफ यूएसपीए ग्रीन ने लांस वाटसन के नेतृत्व में बेहतरीन खेल दिखाया. वहीं टीम पीडीकेएफ यूएसपीए पिंक की कप्तानी जयपुर के हिज हाइनेस महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने संभाली। 
टीम पीडीकेएफ यूएसपीए ग्रीन की ओर से कुमारी विजयश्री शक्तावत ने तीन गोल दागकर जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि डॉ. शिवांगी जय सिंह ने दो गोल कर टीम की बढ़त मजबूत की। मिली सेठ ने भी प्रभावशाली खेल दिखाया। दूसरी ओर टीम पिंक की संजुला मान ने तीन गोल कर टीम को अंत तक संघर्ष में बनाए रखा, वहीं उर्वी सिंह और कुमारी लावण्या शेखावत ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। 
 इस अवसर पर राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन की जनरल सेक्रेटरी प्रिन्सेस गौरवी कुमारी और यूएस पोलो एसोसिएशन विमेंसवियर की बिजनेस हेड स्वप्निता सिंह भी उपस्थित रहीं।  
मैच का संचालन अंपायर जेसन डिक्सन ने किया, वही रेफरी राव हिम्मत सिंह बेडला रहे। यह आयोजन महिला पोलो को बढ़ावा देने और जयपुर की समृद्ध खेल परंपरा को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुआ।
Latest