जयपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता, प्रतिष्ठित ज्वैलर एवं समाजसेवी सुनील कोठारी को मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किए जाने पर विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों में हर्ष का वातावरण है। ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन राजस्थान के प्रदेश संयोजक तथा कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए इसे संगठन के प्रदेश नेतृत्व का दूरदर्शी एवं जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय बताया है।
मंगोड़ीवाला ने कहा कि सुनील कोठारी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित रहकर संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक एवं व्यापारिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान देते रहे हैं। उनका विनम्र व्यवहार, कर्मठ कार्यशैली, संगठनात्मक दक्षता तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति आत्मीय जुड़ाव उन्हें एक लोकप्रिय एवं स्वीकार्य जननेता के रूप में स्थापित करता है।
उन्होंने कहा कि व्यापारिक समुदाय की समस्याओं के समाधान, सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी तथा जनसेवा के प्रति निरंतर समर्पण सुनील कोठारी की विशेष पहचान रही है। नगर के विकास, स्वच्छता, यातायात, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए उनकी स्पष्ट सोच और कार्य करने की क्षमता jaipur नगर निगम को नई दिशा प्रदान करेगी।
राजू मंगोड़ीवाला ने विश्वास व्यक्त किया कि सुनील कोठारी के नेतृत्व में जयपुर नगर निगम विकास, पारदर्शिता एवं जनसहभागिता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने सुनील कोठारी को मेयर पद का प्रत्याशी बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह को बढ़ाने वाला है, बल्कि नगर के सर्वांगीण विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

